Useful External Links
Weather
|
| रायपुर में बनेगा राष्ट्रीय स्तर का वनौषधि उद्यान |
|
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय स्तर के वनौषधि उद्यान की स्थापना की स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह वनौषधि उद्यान स्थानीय शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय के परिसर में लगभग पन्द्रह एकड़ के रकबे में विकसित किया जाएगा, जो नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन के वनौषधि उद्यान की तर्ज पर होगा। मुख्यमंत्री ने इस उद्यान का निर्माण शुरू करने के लिए वन विभाग की क्षतिपूर्ति वनीकरण योजना (कैम्पा) की राशि से तीस लाख रूपए भी मंजूर कर दिए हैं। उन्होंने अपने निवास पर इस सिलसिले में अतिरिक्त प्रधान मुख्य वनसंरक्षक श्री ए.ए. बोआज को वनौषधि उद्यान निर्माण की कार्रवाई तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. संजय शुक्ला भी इस मौके पर उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय को मॉडल कॉलेज का दर्जा मिलने के बाद इसके परिसर में वनौषधि उद्यान की जरूरत महसूस की जा रही है। वनौषधि उद्यान विकसित होने पर इस कॉलेज को एक नई पहचान मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं स्वयं एक माह बाद मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लूंगा। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि यह वनौषधि उद्यान छत्तीसगढ़ के प्रथम और इकलौते शासकीय आयुर्वेद कॉलेज के विद्यार्थियों और प्राध्यापकों के अध्ययन-अध्यापन और अनुसंधान की दृष्टि से काफी उपयोगी होगा। इसके अलावा इस उद्यान को राष्ट्रपति भवन में विकसित वनौषधि उद्यान की तर्ज पर छत्तीसगढ़ के आम नागरिकों के आकर्षण का केन्द्र भी बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इसके लिए भी अतिरिक्त प्रधान मुख्य वनसंरक्षक को जरूरी उपाय करने के निर्देश दिए। |

